सरकारी संसाधनों से कांग्रेस के राजनीतिक कार्यक्रम, सुक्खू सरकार जनता को दे खर्च का हिसाब : रणधीर शर्मा
शिमला, 02 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सरकारी खर्च का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है।
रणधीर शर्मा ने साेमवार काे एक बयान में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरकारी हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर बार-बार दिल्ली जाते हैं और वहां कांग्रेस के धरनों एवं रैलियों में भाग लेते हैं। उन्होंने दावा किया कि इन यात्राओं पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं।
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली के लिए हिमाचल प्रदेश से एचआरटीसी की करीब 200 बसें भेजी गईं। उनके अनुसार इससे पिछले तीन दिनों में लगभग 200 बस रूट प्रभावित हुए और यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इन बसों के इस्तेमाल के बदले एचआरटीसी को किराये का भुगतान भी नहीं किया।
शर्मा ने सरकार से पूछा कि दिल्ली कितनी बसें भेजी गईं, कितने रूट प्रभावित हुए, कुल कितना किराया बना और निगम को कितनी राशि का भुगतान किया गया।
उन्होंने दिल्ली स्थित हिमाचल भवन और हिमाचल सदन के राजनीतिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारी अतिथि गृह किसी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं हैं और सरकार को वहां हुई बुकिंग, ठहरने तथा भुगतान का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।
रणधीर शर्मा ने कांग्रेस पर एसआईआर, ईवीएम और कथित वोट चोरी के मुद्दों पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतें संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष प्रमाणों के साथ रखी जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि भाजपा 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राओं, प्रेस वार्ताओं, प्रबुद्धजन संगोष्ठियों और युवा संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से इन मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी।
शर्मा ने सरकारी हेलीकॉप्टर की यात्राओं, एचआरटीसी बसों और हिमाचल भवन एवं सदन के कथित राजनीतिक इस्तेमाल की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को सरकारी खजाने से खर्च किए गए प्रत्येक रुपये का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

