home page

भाजपा के 25 प्रकोष्ठों की बैठक में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर मंथन

 | 
भाजपा के 25 प्रकोष्ठों की बैठक में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर मंथन


शिमला, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के 25 विभिन्न प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश स्तरीय बैठक सोमवार को शिमला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल चक्कर में आयोजित की गई। बैठक में प्रकोष्ठों की भूमिका, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की।

बैठक में भाजपा प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश सह-संयोजक राजपाल सिंह तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह-संयोजक मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् और अतिथि स्वागत के साथ हुई। इसके बाद सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों का परिचय कराया गया। पुरुषोत्तम गुलेरिया ने स्वागत भाषण देते हुए बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा के सभी प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्षभर समाज के बीच सक्रिय रहती है और विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का काम करती है। ऐसे में प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े लोगों की समस्याओं और सुझावों को भी संगठन तक पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा के 25 प्रकोष्ठों में विधि, खेल, पर्यटन, देव समाज, ट्रांसपोर्ट, चुनाव और अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रकोष्ठ शामिल हैं। इन मंचों के माध्यम से अधिवक्ताओं, खिलाड़ियों, पर्यटन कारोबारियों, परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों, देव समाज और अन्य सामाजिक तथा व्यावसायिक वर्गों के साथ संपर्क मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ अपने क्षेत्र का विशेषज्ञ समूह है और उसे जनहित के विषयों पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में भी प्रकोष्ठ अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर प्रकोष्ठों की सक्रियता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही संभव है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी प्रकोष्ठ अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकें, संवाद कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। इससे संगठन का विस्तार होगा और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संपर्क और मजबूत होगा।

बैठक के दौरान प्रदेश के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। डॉ. बिंदल ने कहा कि कर्मचारी, युवा, किसान-बागवान, व्यापारी, पर्यटन कारोबारी और ट्रांसपोर्टर समेत कई वर्गों की समस्याओं को संबंधित प्रकोष्ठ प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने पदाधिकारियों से जनता के बीच जाकर वास्तविक परिस्थितियों का अध्ययन करने और जनहित के विषयों को संगठन के मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा