जनसंपर्क अभियान में भाजपा ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां
शिमला, 19 जून (हि.स.)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को शिमला के पुराने बस स्टैंड परिसर में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का दावा किया, वहीं हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने के मुद्दे पर घेरा।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उनके अलावा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, कमलजीत सूद, करण नंदा, संजय सूद, कुसुम सदरेट, केशव चौहान और गणेश दत्त सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने आरोप लगाया कि एक तरफ केंद्र सरकार विकास और जनकल्याण की योजनाओं को आगे बढ़ा रही है, जबकि दूसरी ओर प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य बिजली बोर्ड की ओर से 33.8 पैसे प्रति यूनिट की दर से नया फ्यूल चार्ज लगाया गया है, जिससे प्रदेश के करीब 28 लाख बिजली उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
कटवाल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान लोगों को राहत देने के वादे किए थे, लेकिन अब बिजली बिलों में नए-नए शुल्क जोड़कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार डाला जा रहा है। उनके मुताबिक फ्यूल चार्ज लागू होने से घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल में 50 से 150 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आर्थिक कुप्रबंधन की कीमत जनता से वसूल रही है और बिजली बोर्ड की वित्तीय स्थिति कमजोर होने का बोझ सीधे उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है।
भाजपा नेता ने प्रदेश सरकार से फ्यूल चार्ज वापस लेने और बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच उठाती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया और कहा कि जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

