home page

वीरभद्र सिंह प्रतिमा अनावरण में मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी से कांग्रेस की गुटबाजी उजागर : राजीव बिंदल

 | 
वीरभद्र सिंह प्रतिमा अनावरण में मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी से कांग्रेस की गुटबाजी उजागर : राजीव बिंदल


शिमला, 19 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की गैरमौजूदगी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और आपसी मतभेद अब खुलकर सामने आ गए हैं। बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री पिछले चार वर्षों से भाजपा में गुटबाजी के आरोप लगाते रहे हैं, जबकि अब उन्हें अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल चक्कर में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. बिंदल ने कहा कि वीरभद्र सिंह कई बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और प्रदेश की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे वरिष्ठ नेता की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की अनुपस्थिति कांग्रेस के भीतर चल रहे मतभेदों को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कुछ नेताओं की मौजूदगी और वरिष्ठ नेतृत्व की गैरमौजूदगी से पार्टी की अंदरूनी स्थिति पर सवाल उठते हैं।

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह की उस टिप्पणी का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने रोहड़ू के एक कार्यक्रम में वीरभद्र सिंह की तस्वीर नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई थी। प्रतिभा सिंह ने कहा था कि वीरभद्र सिंह की तस्वीर हटाकर उन्हें जनता के दिलों से दूर नहीं किया जा सकता। बिंदल ने कहा कि यह टिप्पणी कांग्रेस के भीतर असंतोष का संकेत है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में आपसी मतभेद लंबे समय से बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह के राजनीतिक अंतर्विरोधों के बीच कांग्रेस के छह वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार में भी लगातार मतभेद सामने आते रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी पार्टी के हालात पर जवाब देने के बजाय भाजपा पर आरोप लगाते हैं।

बिंदल ने कहा कि भाजपा की मुट्ठी बंद थी, बंद है और बंद रहेगी। कांग्रेस अपनी पार्टी की चिंता करे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के लोग पिछले चार वर्षों में सरकार की कार्यप्रणाली से परेशान हैं और अब आर-पार के मूड में हैं। हालांकि, जनता में नाराजगी को लेकर उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई आंकड़ा पेश नहीं किया।

बिंदल ने भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों पर कहा कि प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा के नेतृत्व में पार्टी की समीक्षा बैठक हुई। इसमें संगठन के विस्तार, बूथों को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई।

बिंदल के अनुसार भाजपा प्रदेश के करीब 8 हज़ार पोलिंग बूथों पर संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी है। इसके तहत प्रदेश के 171 मंडलों में 171 अनुभवी विस्तारक तैनात किए गए हैं। ये विस्तारक बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय और संगठित करने का काम कर रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 50 से 75 कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा दस दिन के संगठनात्मक प्रवास पर निकलेंगे। इस प्रवास की शुरुआत रामपुर से होगी और यह जनजातीय क्षेत्रों से होते हुए भरमौर तक पहुंचेगा। वहीं, भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश सह प्रभारी और राज्यसभा सांसद सुदर्शना सिंह का दूसरा संगठनात्मक प्रवास 25 से 29 अक्टूबर तक कांगड़ा जिले में प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा