प्रदेश सरकार के विरुद्ध भाजपा ने किया प्रदर्शन
कुल्लू, 12 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भारतीय जनता पार्टी मनाली और नगर मंडल ने रविवार को पतलीकूहल में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। सक्रिय जन सम्मेलन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों और क्षेत्र में ठप पड़े विकास कार्यों के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यकर्ताओं ने पतलीकूहल स्थित शिव मंदिर से लेकर मुख्य चौक तक एक विशाल रोष रैली निकाली, जिसमें प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बंजार के विधायक सुरेंद्र शोरी ने क्षेत्र की चरमराई यातायात व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मनाली और बंजार विधानसभा क्षेत्र वर्तमान में सड़कों की बदहाली के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने बस रूटों के बंद होने पर गहरी चिंता जताई, जिससे छात्र और कर्मचारी वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
विकास के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष और भाजपा नेत्री धनेश्वरी ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में मनाली विधानसभा क्षेत्र में एक भी नया बड़ा विकास कार्य शुरू नहीं हुआ है। ठाकुर ने दावा किया कि वर्तमान विधायक जिन परियोजनाओं के शिलान्यास कर रहे हैं, वे सभी भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत और शुरू की गई थीं।
कार्यक्रम में भाजपा मनाली मंडल के अध्यक्ष जोगिंदर मेहरा, नगर मंडल अध्यक्ष ठाकुर दास, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अखिलेश कपूर और वर्षा ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

