हिमाचल में पंचायत-निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकारा, 2027 में भी देगी जवाब : बिंदल
शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि हाल में हुए पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावों में मिले जनादेश ने सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी को सामने रखा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जनता कांग्रेस सरकार को जवाब देगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को भविष्य की राजनीतिक बातें करने के बजाय चुनाव के समय किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।
डॉ. बिंदल ने ये बातें मंगलवार को शिमला के रिज मैदान स्थित हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कहीं। उन्होंने डॉ. परमार को हिमाचल प्रदेश का निर्माता बताते हुए कहा कि कृषि, बागवानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क विकास को लेकर उनकी सोच आज भी प्रेरणादायक है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में जनता भाजपा के विधायकों की संख्या नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के कामकाज का आकलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां देने, पांच लाख रोजगार उपलब्ध कराने और महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने जैसे कई बड़े वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का बेरोजगार युवा अब भी रोजगार का इंतजार कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में भाई-भतीजावाद, बैकडोर भर्तियां और भ्रष्टाचार बढ़ा है। डॉ. बिंदल ने दावा किया कि जिला परिषद चुनावों में 11 में से 10 जिलों में भाजपा की जीत लोगों के बदले हुए रुख का संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता के बीच काम करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

