home page

डीजल-पेट्रोल पर 60 पैसे की बढ़ोतरी जनता पर एक और आर्थिक प्रहार : डॉ. राजीव बिंदल

 | 
डीजल-पेट्रोल पर 60 पैसे की बढ़ोतरी जनता पर एक और आर्थिक प्रहार : डॉ. राजीव बिंदल


नाहन, 12 अगस्त (हि.स.)।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने डीजल और पेट्रोल के दामों में 60 पैसे की बढ़ोतरी को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता पर लगातार टैक्स, शुल्क और महंगाई का बोझ डालने को ही अपनी नीति बना लिया है। अब डीजल और पेट्रोल के दामों में 60 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर आम आदमी की जेब पर एक और प्रहार किया गया है, जिसकी भारतीय जनता पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद से लगातार प्रदेश की जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता संभालते ही सरकार ने डीजल पर वैट बढ़ाकर करीब 7 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त बोझ डाला। इसके बाद अलग-अलग नामों से टैक्स और शुल्क बढ़ाने का सिलसिला जारी रहा और अब पेट्रोल-डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर की नई बढ़ोतरी जनता के सामने है।

उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी केवल पेट्रोल पंप पर वाहन में तेल भरवाने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहेगी। डीजल-पेट्रोल महंगा होने से माल ढुलाई की लागत बढ़ेगी, टैक्सी और अन्य परिवहन सेवाएं महंगी होंगी तथा इसका प्रभाव रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में जहां परिवहन अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, वहां ईंधन की कीमतों में प्रत्येक बढ़ोतरी का व्यापक प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार द्वारा जनता पर डाले जा रहे अनावश्यक आर्थिक बोझ का हर स्तर पर विरोध करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर