home page

निर्वाचन विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर निष्पक्ष जांच के बाद हो कार्रवाई : डॉ. राजीव बिंदल

 | 
निर्वाचन विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर निष्पक्ष जांच के बाद हो कार्रवाई : डॉ. राजीव बिंदल


नाहन, 26 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, मंत्री और सत्ताधारी दल के नेता प्रदेश में अराजकता, राजनीतिक दबाव और गुंडागर्दी की संस्कृति को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिमला में निर्वाचन विभाग कार्यालय के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान जो दृश्य सामने आए, उन्होंने कानून-व्यवस्था और सरकारी संपत्ति के प्रति सत्ताधारी दल के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि यह तथ्य सार्वजनिक रिपोर्टों में दर्ज है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन विभाग कार्यालय की दीवारों और साइन बोर्ड पर वोट चोर लिखा तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने किया और इसमें कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

उन्होंने कहा क‍ि हमारा आरोप है कि मंत्रियों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस को धमकाने, पुलिस वाहन पर चढ़कर उसे नुकसान पहुंचाने तथा सरकारी कार्यालय को आग लगाने की धमकी देने के जो आरोप सामने आए हैं, उनकी सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर तत्काल निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकारी कार्यालय की दीवारों और साइन बोर्ड पर नारे लिखे जाने की तस्वीरें और रिपोर्ट सामने हैं। मीडिया रिपोर्टों में निर्वाचन विभाग का साइन बोर्ड हटाने और परिसर में नारे लिखे जाने का भी उल्लेख है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का अधिकार किसी राजनीतिक दल को नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर