home page

मुख्यमंत्री के नाहन दौरे से जनता को नहीं मिला कोई लाभ : डॉ. राजीव बिंदल

 | 
मुख्यमंत्री के नाहन दौरे से जनता को नहीं मिला कोई लाभ : डॉ. राजीव बिंदल


नाहन, 08 मार्च (हि.स.)। रविवार को मुख्‍यमंत्री के नाहन दौरे पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्‍यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि लंबे समय के बाद मुख्यमंत्री का नाहन विधानसभा क्षेत्र का दौरा हुआ, जिससे जिला सिरमौर और क्षेत्र की जनता को काफी उम्मीदें थीं। उन्होंने कहा कि लोगों को आशा थी कि मुख्यमंत्री क्षेत्र के लिए नई घोषणाएं करेंगे, लेकिन वे केवल विरोधियों को कोसकर चले गए।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि करीब 40 महीनों की कांग्रेस सरकार ने जिला सिरमौर को कई तरह के नुकसान पहुंचाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही जिले में 50 से अधिक संस्थानों को बंद कर दिया गया, जिसके लिए सिरमौर के कांग्रेस विधायक भी उतने ही जिम्मेदार हैं जितनी प्रदेश सरकार।

उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में एक उप-तहसील, पांच पटवार सर्कल, पांच पशु चिकित्सालय, चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नौ स्कूलों को बंद कर दिया गया, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान इन बंद संस्थानों को फिर से खोलने की घोषणा करेंगे और क्षेत्र को नई सौगातें देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए 261 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को बंद करवा दिया गया, जिससे हजारों मरीजों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और भवन अब खंडहर में तब्दील होने की स्थिति में पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय स्वीकृत परियोजनाओं और कार्यों का उद्घाटन कर केवल झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। साथ ही केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना और अन्य योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन कर जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर