home page

कॉंग्रेस सरकार ने सरकारी संस्थानों को बंद करने का कीर्तिमान स्थापित किया : डॉ. बिंदल

 | 
कॉंग्रेस सरकार ने सरकारी संस्थानों को बंद करने का कीर्तिमान स्थापित किया : डॉ. बिंदल


नाहन, 16 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा कि गत 4 वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस की सरकार ने और सिरमौर जिला के सभी कांग्रेसी नेताओं ने सिरमौर जिला के संस्थानों को बंद करने का बहुत बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया हैै। उन्होनें कहा कि 2022-23 में 6 स्कूल बंद किए 2023-24 में 12 स्कूल बंद किए, 2024-25 में 29 स्कूल बंद किए और 2025-26 में 12 स्कूल बंद किए गए और न जाने 2026-27 में कितने स्कूल और बंद होंगे। इस प्रकार सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की सरकार और सिरमौर जिला के कांग्रेस के नेताओं ने 59 स्कूल बंद करने का रिकॉर्ड कायम किया है।

डॉ. बिन्दल ने वीरवार को कहा कि नाहन भी इससे अछूता नहीं है। नाहन के भी दूर-दराज के ऐसे क्षेत्रों के स्कूल बंद किए जिनके बच्चे आज शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होनें कहा कि स्कूल ही नहीं नाहन विधानसभा क्षेत्र में उप तहसील कालाआम को ताला लगाया, पटवार सर्कल जोहड़ो, नागन सकेती, पालियों को, सैनवाला आमवाला, विक्रम बाग देवनी को ताले लगाए गए। हजारो लोग जो उप तहसील से, पटवार सर्कल से लाभ उठा रहे थे, उनका क्या दोष है ? आज उनको 50 किलोमीटर का सफर तय करके तहसील पहुंचना पड़ रहा है, 20-20 किलोमीटर का सफर करके पटवार सर्कल जाते हैं जहां लम्बी-लम्बी लाइने लगी होती हैं और कांग्रेस के नेताओं ने इसको हंसकर बंद किया है

डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा कि जो गरीब आदमी, महिला, पुरूष, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रो से ईलाज करवा रहे थे, उन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रो को बंद कर दिया गया। त्रिलोकपुर जैसे महत्वपूर्ण स्थान के प्राथमिक स्वास्थ्य को केंद्र को बंद कर दिया, सैनवाला मुबारिकपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को बंद कर दिया, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंजाहल को बंद कर दिया, साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भारापुर को भी बंद कर दिया। उन्होनें कहा कि ये सभी स्वास्थ्य केन्द्र सुचारू रूप से कार्य कर रहे थे, डॉक्टर्स बैठ रहे थे, लोगों का ईलाज हो रहा था, भवन निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे थे लेकिन इनको बंद कर दिय गया। इसी प्रकार वैटरनेरी डिस्पेंसरी देवका पुरला, नलका समालका, क्यारी खांदा इनको भी ताले लगा दिए जिसके कारण किसानो को अपने पशुधन का ईलाज करवाने के लिए दूर-दूर से डॉक्टर्स को लाना पड़ रहा है जिससे उन पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा हैै।

डॉ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस की इस सरकार ने जनता को जो कष्ट दिए हैं उनकी जवाब देने की स्थिति नहीं है और इसका जवाब अब सिरमौर जिला की जनता कांग्रेस को देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर