home page

नाहन में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर भाजपा ने जताया रोष, राज्यपाल को भेजा प्रस्ताव

 | 
नाहन में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर भाजपा ने जताया रोष, राज्यपाल को भेजा प्रस्ताव


नाहन, 13 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी नाहन विधानसभा क्षेत्र की बैठक हिन्दू आश्रम, नाहन में आयोजित की गई। बैठक में नाहन विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़कों और विभिन्न सरकारी संस्थानों की कथित बदहाली को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पारित प्रस्ताव को जिला प्रशासन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल को भेजा गया।

बैठक में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में नाहन विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि नाहन में 500 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके लिए केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 260 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए थे, लेकिन भवन का निर्माण कार्य रोक दिया गया। भाजपा ने कहा कि यदि निर्माण समय पर पूरा हो जाता तो आज नाहन में 500 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल संचालित हो रहा होता।

भाजपा ने वर्तमान अस्पताल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि मरीजों को एक ही बिस्तर पर तीन-तीन मरीजों के साथ उपचार करवाने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। पुराने भवन में अस्पताल संचालित होने के कारण नई अत्याधुनिक मशीनरी स्थापित करने में भी परेशानी आ रही है।

बैठक में कहा गया कि नए अस्पताल भवन में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, इमरजेंसी, बच्चों की नर्सरी, कैंसर अस्पताल, माता-शिशु अस्पताल, एमआरआई मशीन, मरीजों के लिए कैंटीन और सात मंजिला पार्किंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित थीं। इसके अलावा करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी प्रस्तावित था। भाजपा के अनुसार, इन परियोजनाओं के समय पर पूरा नहीं होने से स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल में चार में से दो ऑपरेशन थिएटर बंद पड़े हैं, जिसके कारण मरीजों को उपचार के लिए चंडीगढ़ और अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 500 बिस्तरों वाला अस्पताल तैयार होने पर करीब 1000 कर्मचारियों की व्यवस्था, 500 बिस्तर, प्रतिदिन हजारों मरीजों के उपचार की क्षमता और आठ ऑपरेशन थिएटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकती थीं। वहीं, नर्सिंग कॉलेज शुरू होने से करीब 500 विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए अवसर पैदा होते।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन की जनता के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा पारित प्रस्ताव के माध्यम से राज्यपाल से इन गंभीर विषयों पर उचित संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया गया है।

बैठक के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में विभिन्न नारों वाली तख्तियां लेकर रोष रैली निकाली। इसके उपरांत उपायुक्त सिरमौर के माध्यम से राज्यपाल को मांग पत्र भी प्रेषित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर