कांग्रेस सरकार का नाहन को एक और तोहफा, नाहन-दिल्ली एचआरटीसी बस सेवा भी बंद : डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 11 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की तालाबंदी वाली कांग्रेस सरकार ने नाहन की जनता को एक और तोहफा दिया है। पिछले साढ़े तीन से चार वर्षों में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान नाहन और सिरमौर की जनता को लगातार सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है तथा एक के बाद एक संस्थानों और सेवाओं पर तालाबंदी की जा रही है
डॉ. बिंदल ने कहा कि स्कूल बंद करना, पटवार सर्कलों पर तालाबंदी करना, उप-तहसील और तहसील स्तर की व्यवस्थाओं को बंद करना तथा स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की कमी करना कांग्रेस सरकार की कार्यशैली बन गई है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं तथा मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा भी सरकार की अनदेखी का शिकार हो रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एचआरटीसी के अनेक बस रूटों को बंद करने का काम किया गया है। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अब नाहन से दिल्ली के लिए चलने वाली एचआरटीसी बस सेवा को भी बंद कर दिया है। यह बस सेवा नाहन और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी।
उन्होंने कहा कि अनेक लोग सुबह इस बस से दिल्ली जाकर अपने काम निपटाते थे और शाम को इसी बस के माध्यम से वापस अपने घर लौटते थे। नाहन दिल्ली बस सेवा बंद होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन और सिरमौर की जनता को कांग्रेस सरकार लगातार एक के बाद एक दंड दे रही है। जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के बजाय पहले से चल रही सेवाओं और व्यवस्थाओं को बंद किया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन और सिरमौर की जनता कांग्रेस सरकार के सभी निर्णयों को देख रही है और हर फैसले का हिसाब रख रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को इसका जवाब देने वाली है और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों का जवाब अपने मत के माध्यम से देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

