मंडी की बेटी प्रो. नितिका कौशल को देहरादून में मिला भारतश्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार
मंडी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के रत्ती से संबंध रखने वाली प्रो. नितिका कौशल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार – 2026 से अलंकृत किया गया। प्रो. निकिता रास बिहारी बोस सुभारती यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर हैं, मंडी की यह बेटी उत्तराखंड की बहू है। प्रो. नितिका कौशल हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी की बल्ह तहसील के रत्ती क्षेत्र की निवासी हैं। उनके पिता महेश कांत कौशल तथा माता तरुणा कौशल हैं। उनकी माता तरुणा कौशल बल्ह पंचायत में पार्षद के रूप में सक्रिय रूप से जनसेवा कर रही हैं।
प्रो. कौशल का विवाह देहरादून उत्तराखंड में हुआ है, जिससे यह उपलब्धि हिमाचल की बेटी और उत्तराखंड की बहू—दोनों रूपों में गौरव का विषय बन गई है।
यह भव्य आयोजन उत्तराखंड जल विद्युत निगम यूजेवीएन, उज्ज्वल भवन, देहरादून में आयोजित किया गया। यह सम्मान उन्हें मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया। जो मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रभावशाली, समर्पित और दूरदर्शी योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। यह सम्मान इंस्टीटयूड फार सोशल रिफाेर्म एंड हायर एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट एसआरएचई द्वारा प्रदान किया गया। जिसमें शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक सेवा एवं नीति निर्माण से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की।
प्रो. कौशल ने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक संकल्प है। यह मेरे माता-पिता एवं परिवार के आशीर्वाद, मेरे गुरुओं के विश्वास और मेरे विद्यार्थियों के स्नेह का परिणाम है। मैं शिक्षा को सेवा और संस्कार का माध्यम मानते हुए राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करती रहूंगी। इस समारोह में उतराखंड सरकार के वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री, सुबोद्ध उनियाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। जबकि सवीता कपूर विधायक उत्तराखंड, विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

