चैत्र माह पर बाबा बालक नाथ मंदिर कमेटी पंडोह ने लगाया नेशनल हाइवे पर भंडारा
मंडी, 07 अप्रैल (हि.स.)। चैत्र माह के पावन अवसर पर पंडोह स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार दोपहर नेशनल हाईवे पर मंदिर कमेटी द्वारा राजमा-कड़ी चावल का विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें हजारो श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष तरुण धवन ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी चैत्र माह के उपलक्ष्य पर मंदिर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में पंडोह सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार के आयोजनों में श्रद्धालुओं ने खास उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंगा हुआ है। चैत्र माह के दौरान प्रत्येक रविवार को सुबह प्रभात फेरी, रात्रि में भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा 29 मार्च को बाबा बालक नाथ जी की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक आयोजनों को जारी रखने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

