home page

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत किशोरियों का एक्सपोजर विजिट

 | 
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत किशोरियों का एक्सपोजर विजिट


मंडी, 24 सितंबर (हि.स.)। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बाल विकास परियोजना गोपालपुर स्थित सरकाघाट द्वारा पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरकाघाट की लगभग 50 किशोरियों के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को महिला सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, लैंगिक समानता, बालिका सशक्तिकरण तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान किशोरियों ने मिनी सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय और पुलिस चौकी सरकाघाट का शैक्षणिक भ्रमण किया तथा प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए वाहन पंजीकरण, लाइसेंस, भू-राजस्व तथा न्यायिक प्रक्रिया सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से उनके सपनों और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

पुलिस चौकी में थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों से किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस की सहायता लेने का आग्रह किया। बाल विकास परियोजना गोपालपुर के पर्यवेक्षक अनिल ठाकुर ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों तथा बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं और अधिकारियों से उपयोगी जानकारी प्राप्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा