home page

मंडी सदर बीडीसी पर भाजपा का भगवा, नारायण सिंह बनें अध्यक्ष तथा चूड़ामणी उपाध्यक्ष निर्वाचित

 | 
मंडी सदर बीडीसी पर भाजपा का भगवा, नारायण सिंह बनें अध्यक्ष तथा चूड़ामणी उपाध्यक्ष निर्वाचित


मंडी, 22 जून (हि.स.)। मंडी नगर निगम में प्रचंड जीत के बाद अब सदर मंडी बीडीसी पर भी भाजपा का भगवा फहराया गया। पंचायत समिति सदर मंडी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित नारायण सिंह एवं चूड़ामणी उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। इस अवसर पर सदर के विधायक अनिल शर्मा और द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर मौजूद रहे। दोनों ने नर्वनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को बधाई दी है। सोमवार को विकास खंड कार्यालय सदर, भ्यूली स्थित सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन में नारायण सिंह को अध्यक्ष तथा चूड़ामणी को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया की अध्यक्षता एसडीएम एवं प्राधिकृत अधिकारी सदर मंडी रूपिंदर कौर ने की। इस अवसर पर पंचायत समिति सदर मंडी के सभी 26 नवनिर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-19 टिल्ली कैहनवाल से पंचायत समिति सदस्य नारायण सिंह तथा उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-11 देउरी से पंचायत समिति सदस्य चूड़ामणी ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। दोनों पदों के लिए अन्य कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। इसके चलते प्राधिकृत अधिकारी ने नारायण सिंह को पंचायत समिति सदर मंडी का अध्यक्ष तथा चूड़ामणी को उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत एसडीएम रूपिंदर कौर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष नारायण सिंह तथा उपाध्यक्ष चूड़ामणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आशा व्यक्त की गई कि उनके नेतृत्व में पंचायत समिति सदर मंडी क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी। चुनाव परिणाम सामने आते ही भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास, पंचायतों की समस्याओं के समाधान और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।

उन्होंने सदर ब्लॉक के समग्र विकास के लिए सभी प्रतिनिधियों को साथ लेकर कार्य करने की बात कही। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत को संगठन की मजबूती और पंचायत स्तर पर जनता के विश्वास की जीत बताया है। वहीं राजनीतिक गलियारों में इस परिणाम को आगामी स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा