home page

मंडी पंडोह के युवाओं ने सफलतापूर्वक तय की दियोटसिद्ध की चौथी पैदल श्रद्धा यात्रा

 | 
मंडी पंडोह के युवाओं ने सफलतापूर्वक तय की दियोटसिद्ध की चौथी पैदल श्रद्धा यात्रा


मंडी, 16 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के पंडोह कस्बे के युवाओं ने अटूट आस्था, सच्ची श्रद्धा और बाबा बालक नाथ जी के प्रति गहरी भक्ति के साथ बाबा बालकनाथ दियोकटसिद्ध की चौथी पैदल श्रद्धा यात्रा सफलतापूर्वक तय कर ली है। बीते दिनों पंडोह के युवाओं का एक जत्था इस चौथी पैदल श्रद्धा यात्रा में पंडोह से रवाना हुआ था। यह पवित्र यात्रा 13 मार्च को सुबह लगभग 6 बजे पंडोह स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर से शुरू हुई थी, जिसमें करीब 20 श्रद्धालुओं की टोली शामिल रही। तीन दिन की कठिन पदयात्रा के बाद रविवार देर रात लगभग 11:30 बजे सभी श्रद्धालुओं ने दियोत्सिद्ध स्थित बाबा बालक नाथ की पवित्र गुफा में माथा टेककर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद पूरी टोली वापसी के लिए रवाना हुई और सोमवार सुबह लगभग 4 बजे पंडोह स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर पहुंचकर बाबा जी के चरणों में नमन किया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में कृष्ण सैनी, विशाल सूद ने बताया कि यह उनकी लगातार चौथी पैदल यात्रा थी।

उन्होंने कहा कि बाबा जी के प्रति उनकी आस्था ही उन्हें हर वर्ष इस कठिन लेकिन पवित्र यात्रा के लिए प्रेरित करती है।

50 वर्षीय संजय शर्मा ने बताया कि उनकी भी यह चौथी पैदल यात्रा थी और यह यात्रा आसान नहीं होती। कई किलोमीटर पैदल चलने के कारण कई भक्तों के पैरों में छाले पड़ गए और रास्ते में बारिश के कारण भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद जय बाबा बालक नाथ के जयकारों और बाबा जी की कृपा से सभी श्रद्धालु अपनी यात्रा पूरी करने में सफल रहे।

भक्तों का कहना है कि जैसे ही बाबा जी के दरबार में माथा टेकते हैं, सारी थकान और कष्ट पल भर में दूर हो जाते हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि सच्चे मन से बाबा बालक नाथ जी के दरबार में हाजिरी लगाने से हर मनोकामना पूरी होती है। इसी श्रद्धा और विश्वास के साथ वे हर वर्ष पैदल यात्रा कर बाबा जी के चरणों में शीश नवाते हैं और अपने परिवार, क्षेत्र तथा समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

उन्होंने कहा कि आगे भी यह पैदल यात्रा हर वर्ष इसी तरह निरंतर जारी रहेगी। वहीं पंडोह मंदिर में माथा टेकने के बाद पार्थ वर्मा ने बताया कि चैत्र मास के उपलक्ष्य पर पंडोह स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। चैत्र मास के प्रत्येक रविवार को सुबह प्रभात फेरी और रात्रि को भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें पंडोह क्षेत्र के श्रद्धालुओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा