home page

सरकारी विभागों के तीन साल के वित्तीय रिकॉर्ड खंगालेगी विधानसभा समिति, लंबित ऑडिट आपत्तियों की होगी समीक्षा

 | 

शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति शुक्रवार को शिमला जिले के विभिन्न सरकारी विभागों और स्थानीय निधि से जुड़े संस्थानों के वित्तीय रिकॉर्ड की समीक्षा करेगी। इस दौरान पिछले तीन वित्तीय वर्षों के आय-व्यय, विकास कार्यों की प्रगति और लेखा परीक्षण (ऑडिट) में सामने आई आपत्तियों की स्थिति जांची जाएगी। समिति का विशेष ध्यान लंबित ऑडिट आपत्तियों के निपटारे, वित्तीय अनियमितताओं पर अंकुश लगाने और सरकारी धन के इस्तेमाल में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर रहेगा।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि समिति की बैठक 27 नवंबर को सुबह 11 बजे उपायुक्त कार्यालय स्थित बचत भवन में होगी। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति संजय रत्न करेंगे। समिति जिला शिमला के उन सभी विभागों और संस्थानों के लेखा परीक्षण प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा करेगी, जिनका ऑडिट हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग करता है।

बैठक में पिछले तीन वित्तीय वर्षों के कार्यों, आय और व्यय के विवरण के साथ वित्तीय एवं भौतिक प्रगति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच होगी। इसके अलावा लंबित ऑडिट आपत्तियों, उन पर संबंधित विभागों की ओर से की गई कार्रवाई और प्रस्तुत अनुपालना रिपोर्ट की स्थिति भी देखी जाएगी। लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज विभाग और अन्य संबंधित संस्थानों के आंतरिक लेखा परीक्षण प्रतिवेदनों में दर्ज आपत्तियां भी समिति के सामने रखी जाएंगी।

लंबित आपत्तियों के निपटारे पर रहेगा ध्यान

समिति वित्तीय रिकॉर्ड में मिली कमियों की पहचान करने के साथ उनके समयबद्ध सुधार और जिम्मेदारी तय करने पर भी ध्यान देगी। संबंधित विभागों से यह जानकारी ली जाएगी कि ऑडिट में उठाई गई आपत्तियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है और उन्हें दूर करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही भविष्य में वित्तीय गड़बड़ियों और रिकॉर्ड में कमियों की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों की भी समीक्षा होगी।

मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों के छात्र निधि का ब्योरा भी मांगा

बैठक में शिमला स्थित मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज के छात्र निधि (स्टूडेंट फंड) का अलग-अलग विवरण भी प्रस्तुत किया जाएगा। इन संस्थानों से पिछले तीन वर्षों में छात्र निधि के तहत जमा हुई कुल राशि और उसमें से किए गए खर्च का पूरा ब्योरा मांगा गया है। समिति इस राशि के इस्तेमाल से संबंधित वित्तीय रिकॉर्ड की समीक्षा करेगी।

उपायुक्त ने बताया कि बैठक में जिला शिमला के सभी विभागों के अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। संबंधित अधिकारियों को अपने विभागों और विकास खंडों से जुड़े ऑडिट पैरों तथा उन पर की गई कार्रवाई की अद्यतन रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। समिति के सदस्यों और विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों के शिमला प्रवास के दौरान बैठक से जुड़ी व्यवस्थाएं और जरूरी अभिलेख उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा