home page

चार साल से नहीं बढ़ा ऑटो किराया, मंडी के 400 चालकों ने उठाई आवाज

 | 
चार साल से नहीं बढ़ा ऑटो किराया, मंडी के 400 चालकों ने उठाई आवाज


चार साल से नहीं बढ़ा ऑटो किराया, मंडी के 400 चालकों ने उठाई आवाज


मंडी, 26 जून (हि.स.)। मंडी के विश्वकर्मा मंदिर में शुक्रवार को ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन का जनरल हाउस आयोजित किया गया। जिसमें शहर के ऑटो चालकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिसमें यात्रियों से दुर्व्यवहार करने वाले आटो रिक्शा चालकों के खिलाफ यूनियन की ओर से कार्रवाई अंजाम दिए जाने की बात भी कही गई। वहीं पर बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा पिछले चार वर्षों से ऑटो किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं होने का रहा। यूनियन ने बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों को देखते हुए जिला प्रशासन से किराए में जल्द संशोधन करने की मांग उठाई।

यूनियन के महासचिव होशियार सिंह ने बताया कि मंडी शहर में करीब 400 ऑटो संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि चार वर्षों के दौरान डीजल और पेट्रोल के दाम लगातार बढ़े हैं, लेकिन ऑटो किराया आज भी पुराने स्तर पर ही है। इससे ऑटो चालकों के लिए आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपकर किराया बढ़ाने की मांग की गई है।

महासचिव होशियार सिंह ने बताया कि यूनियन के पास कुछ ऑटो चालकों द्वारा यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी पहुंची हैं। इन मामलों पर जनरल हाउस में गंभीर चर्चा की गई और ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई ऑटो मालिक स्वयं वाहन चलाने में सक्षम है तो वह किसी अन्य चालक को ऑटो चलाने के लिए नहीं रख सकता। केवल बीमारी या अन्य उचित कारण होने पर ही चालक रखने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि यूनियन ने अधिकृत चालकों को येलो नंबर जारी किए हैं। जिनके पास यह पहचान नहीं है, उनके खिलाफ शिकायतें अधिक मिल रही हैं और ऐसे मामलों में यूनियन सख्ती से कार्रवाई करेगी।

यूनियन ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन ऑटो चालकों की लंबे समय से लंबित किराया बढ़ाने की मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा। वहीं ऑटो चालकों के इस जनरल हाउस में सिटी चौकी के प्रभारी मदन कुमार, एसआई, ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने ऑटो चालकों को ट्रैफिक रूल्स के बारे में जानकारी दी और कहा कि वह प्रशाशन द्वारा निर्धारित किराया ही लें ।पुलिस के पास आम जनता की किराए को लेकर या फिर आय दिन कोई न कोई शिकायत आती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा