home page

किसानों को पहुंचे आत्मा योजनाओं का लाभ : उपायुक्त

 | 
किसानों को पहुंचे आत्मा योजनाओं का लाभ : उपायुक्त


मंडी, 12 अगस्त (हि.स.)। कृषि क्षेत्र के विकास तथा किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आत्मा परियोजना की गवर्निंग बॉडी की बैठक उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों और विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि सभी लाइन डिपार्टमेंट आपसी बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों तक सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव स्तर पर कैंप एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, विभागीय योजनाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जिले के प्रगतिशील किसानों की सफलता की कहानियां तैयार कर उनका व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। ऐसे किसानों द्वारा अपनाई गई नई तकनीकों, सफल कृषि गतिविधियों एवं अनुभवों को अन्य किसानों तक पहुंचाने से उन्हें प्रेरणा मिलेगी और वे भी आधुनिक एवं लाभकारी कृषि गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

उपायुक्त ने किसानों के उत्पादों को बेहतर बाजार एवं मंडी व्यवस्था से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके उत्पादों के लिए उचित बाजार उपलब्ध करवाने तथा उनकी आय बढ़ाने की दिशा में संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कदम उठाएं। बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रगतिशील किसानों से सीधे चर्चा कर उनके अनुभव एवं सुझाव सुने तथा आवश्यक फीडबैक भी लिया। उन्होंने किसानों की ओर से उठाए गए विषयों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान, नवाचार और प्रभावी विस्तार सेवाओं के माध्यम से किसानों की आय एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए योजनाओं का जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन आवश्यक है। बैठक में वर्ष 2026-27 की 353 लाख की जिला विस्तार कार्य योजना पर चर्चा की गई जिसके तहत किसानों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण, कौशल विकास, प्रदर्शन, किसान गोष्ठी, एक्सपोजर विजिट तथा अन्य कृषि विस्तार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा