home page

27वीं राज्य स्तरीय अंतर बहुतकनीकी एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 7 से

 | 

हमीरपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। बहुतकनीकी महाविद्यालयों की 27वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 7 से 9 अप्रैल तक बड़ू स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित की जा रही है। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी 7 अप्रैल को सुबह 10 बजे इस प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे।

राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 17 बहुतकनीकी महाविद्यालयों के लगभग 668 विद्यार्थी भाग लेंगे, जिनमें 245 छात्राएं और 423 छात्र शामिल हैं। इनके अतिरिक्त विभिन्न संस्थानों से 51 टीम प्रभारी भी उपस्थित रहेंगे।

प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्र वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500 और 5000 मीटर की दौड़ स्पर्धाएं, चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ तथा चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़, हाई जंप, लॉंग जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलियन थ्रो और शॉट पुट स्पर्धा होगी। छात्राओं के वर्ग में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉंग जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलियन थ्रो और शॉट पुट स्पर्धा होगी। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में एकल पहाड़ी लोकगीत, गज़ल-गीत, समूह गान और लोकनृत्य की स्पर्धाएं करवाई जाएंगी।

प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 11 उपसमितियों का गठन किया गया है। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों एवं टीम प्रभारियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रतिभागियों को अपनी खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा तथा आपसी सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा