एटीसी-223 की ओवरऑल ट्रॉफी पर डी.ए.वी. मंडी का कब्जा
मंडी, 16 जुलाई (हि.स.)। हाल ही में एनआईटी परिसर हमीरपुर में आयोजित एनसीसी एटीसी-223 की ओवरऑल ट्रॉफी पर डीएवी सेनेटरी पब्लिक स्कूल ने कब्जा कर लिया है। इसके अलावा कैडेट्स ने कई पदक जीते हैं। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान ) हमीरपुर परिसर में राष्ट्रीय कैडेट कोर एयर विंग के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर, मंडी के कैडेट्स ने अपने उत्कृष्ट और ऐतिहासिक प्रदर्शन की बदौलत विद्यालयों के वर्ग में ओवरऑल विनर का खिताब अपने नाम किया है। शिविर के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि एवं वन एच.पी. एयर स्क्वाड्रन एन.सी.सी. कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने शिरकत की।
उन्होंने शानदार उपलब्धियों के लिए डी.ए.वी. मंडी की ए.एन.ओ. सुमन पंडित को बेस्ट ए.एन.ओ. के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा । वहीं प्रतियोगिताओं में अपना दबदबा कायम रखते हुए डी.ए.वी. के होनहार कैडेट्स ने ड्रिल प्रतियोगिता, ग्रुप डांस, स्किट और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीते। जबकि निशिका को बेस्ट एंकर घोषित किया गया। इसके अतिरिक्त, स्कूल के छात्रों की ओर से शानदार प्रदर्शन की बदौलत रजत पदकों की भी बौछार हुई। जिसमें सोलो डांस, जे.डी. खो-खो, जे.डी. बॉयज चार गुणा 400 मीटर रिले रेस और जे.डब्ल्यू. गर्ल्स चार गुणा 400 मीटर रिले रेस में द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, खेल स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अग्रिया ने 100 मीटर और सांवी ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर स्कूल का गौरव बढ़ाया। कैंप से वापस विद्यालय पहुंचते ही सभी विजेता कैडेट्स ने प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया से भेंट की।
इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया ने पूरी टीम और ए.एन.ओ. सुमन पंडित को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह गौरवमयी उपलब्धि हमारे कैडेट्स के कठिन परिश्रम, अटूट अनुशासन और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सफलता भविष्य में अन्य छात्रों को भी राष्ट्र सेवा और अनुशासन के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

