home page

आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर मंडी में किया तीन दिवसीय हैप्पीनेस प्रोग्राम का आयोजन

 | 
आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर मंडी में किया तीन दिवसीय हैप्पीनेस प्रोग्राम का आयोजन


मंडी, 07 सितंबर (हि.स.)। आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर, नरुला हॉल, समखेतर बाजार में तीन दिवसीय हैप्पीनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सुदर्शन क्रिया, योग, प्राणायाम एवं ध्यान जैसी प्रक्रियाओं का अभ्यास करवाया गया। आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका माया वर्धान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि इस कोर्स के माध्यम से उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से काफी अच्छा महसूस हुआ। कोर्स की प्रतिभागी एवं छात्रा ईशानवी शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कोर्स से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि पहले वह किसी से बातचीत करने में सहज महसूस नहीं करती थीं, लेकिन कोर्स के बाद अब उनमें काफी सकारात्मक बदलाव आया है और वह स्वयं को बेहतर महसूस कर रही हैं। गंगा चौहान ने अपने अनुभव में बताया कि कुछ ही दिनों के अभ्यास के बाद उन्हें अपने ब्लड प्रेशर में राहत महसूस हुई है। वहीं दीपिका शर्मा ने बताया कि ध्यान के अभ्यास से उनके भीतर स्थिरता और शांति का अनुभव हुआ है।

माया वर्धान ने बताया कि आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर, नरुला हॉल में प्रतिदिन शाम 5:00 बजे योग एवं ध्यान का सत्र आयोजित किया जाता है, जिसमें कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित योग, ध्यान और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग और ध्यान न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक हैं, बल्कि मन को शांत, स्थिर और सकारात्मक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा