सिरमौर में दर्दनाक हादसा, एक महीने की छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की करंट लगने से मौत
नाहन, 21 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के लांस नायक (गनर) मुकेश कुमार (27) की करंट लगने से मौत हो गई है। जवान की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार भारतीय सेना की 15 फील्ड आर्टलरी रेजीमेंट में तैनात थे। इन दिनों देहरादून में सेवाएं दे रहे थे। वह 30 दिन की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए हुए थे। वीरवार को अपने पैतृक गांव टोका नगला, जामनीवाला में खेतों में काम करते समय वह हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें पांवटा साहिब के जुनेजा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार अभी अविवाहित थे। उनका भाई भी भारतीय सेना में तैनात हैं। अपने पीछे वह बुजुर्ग पिता उजागर सिंह समेत अपनी माता और भाई को छोड़ गए हैं। जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी परिजनों ने सेना के अधिकारियों को दी।
सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन ने बताया कि उनकी यूनिट से घटना की सूचना प्राप्त हो चुकी है और जिला प्रशासन को भी अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद जवान की पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी है। पार्थिव देह को डीप फ्रीजर में रखा गया है। शुक्रवार को पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

