सेब की खाली ट्रे जलाते समय आग की चपेट में आया युवक, मौत
शिमला, 09 मई (हि.स.)। रसोईघर के भीतर सेब की खाली ट्रे जलाना एक युवक को भारी पड़ गया। आग अचानक इतनी तेज हो गई कि युवक उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। आग बुझाने की कोशिश में वह बेसुध होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
यह घटना शुक्रवार शाम शिमला जिला के जुब्बल थाना क्षेत्र के गाँव मटासा में सामने आई। मृतक की पहचान टोपिद्र कार्की के रूप में हुई है, जो नेपाल के जिला दैलेख करनाली का रहने वाला था। वह इन दिनों जुब्बल क्षेत्र में एक सेब बगीचे में काम कर रहा था और स्थानीय निवासी भूषण बासटा के पास रह रहा था। घटना की जानकारी उसके भाई प्रेम कार्की ने पुलिस को दी।
पुलिस के अनुसार टोपिद्र कार्की बगीचे में काम करने के बाद रसोईघर में मौजूद था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर सेब की खाली ट्रे इकट्ठा कर उनमें आग लगा दी। देखते ही देखते आग भड़क गई और उसके कपड़ों तक पहुंच गई। आग से झुलसने के बाद वह कमरे में गया, जहां उसने अपने जले हुए कपड़े उतारे। इसके बाद वह पानी से आग बुझाने के लिए दोबारा रसोईघर की तरफ आया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने और दर्द के कारण बेसुध होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

