home page

30 तक लगवा लें सर्विकल कैंसर से बचाव का टीका

 | 
30 तक लगवा लें सर्विकल कैंसर से बचाव का टीका


हमीरपुर, 21 मई (हि.स.)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाने के लिए आरंभ किया गया एचपीवी वैक्सीन का मुफ्त टीकाकरण अभियान 30 मई को समाप्त होने जा रहा है। इसलिए, अभी तक एचपीवी वैक्सीनेशन से छूटी 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियां और उनके अभिभावक 30 मई तक टीकाकरण सुनिश्चित कर लें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि जो लड़कियां इस बार के अभियान से छूट जाएंगी, उन्हें भविष्य में यह टीका लगवाने का मौका मिलना मुश्किल है। डॉ. अजय अत्री ने बताया कि जिला हमीरपुर में इस अभियान के दौरान लगभग 2967 लड़कियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन अभी तक केवल 41 प्रतिशत यानि 1228 लड़कियों ने ही यह टीका लगवाया है और अभियान की समाप्ति के लिए 10 दिन से भी कम समय बचा है।

डॉ. अजय अत्री ने लड़कियों के अभिभावकों के अलावा सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने-अपने शिक्षण संस्थानों की 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा