home page

ईवीएम पर सुक्खू का बयान हताशा का प्रतीक: अनुराग ठाकुर

 | 

शिमला, 05 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा ईवीएम को लेकर दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हर चुनावी हार के बाद ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना विपक्ष की आदत बन चुकी है, जो उनकी हताशा और निराशा को दर्शाता है।

अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि राजनीतिक लड़ाई विचारों और जनसमर्थन से लड़ी जाती है, न कि संस्थाओं को बदनाम करके। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनादेश का सम्मान करने के बजाय उसे लगातार कटघरे में खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भाजपा की जीत जनता का स्पष्ट जनादेश है, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू का ईवीएम पर अविश्वास उनकी मानसिकता को दर्शाता है।

ठाकुर ने सुक्खू पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां भाजपा जीतती है वहां ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि अन्य राज्यों में विपक्ष की जीत पर चुप्पी साध ली जाती है। उन्होंने कहा कि यह दृष्टिकोण लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने आगे कहा कि सुक्खू को यह नहीं भूलना चाहिए कि वे स्वयं भी उसी चुनावी प्रक्रिया और ईवीएम के जरिए चुने गए हैं, जिससे अन्य सरकारें बनी हैं। कांग्रेस शासित राज्यों में बनी सरकारें भी इसी व्यवस्था का परिणाम हैं, ऐसे में केवल भाजपा की जीत पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में कई पुराने कानून हटाए गए और चुनावी सुधार किए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आत्ममंथन से बचने और लगातार आरोप लगाने का आरोप लगाया। अंत में उन्होंने कहा, “धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला