home page

अनुराग सिंह ठाकुर दोबारा निर्वाचित हुए संसदीय पब्लिक अकाउंट्स कमेटी के सदस्य

 | 
अनुराग सिंह ठाकुर दोबारा निर्वाचित हुए संसदीय पब्लिक अकाउंट्स कमेटी के सदस्य


हमीरपुर, 08 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को संसद की सार्वजनिक लेखा समिति (पब्लिक अकाउंट्स कमेटी) के लिए वर्ष 2026-27 हेतु पुनः सदस्य निर्वाचित किया गया है। यह समिति सरकार के वित्तीय व्यय की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कार्य करती है तथा मुख्य रूप से नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्टों की समीक्षा करती है। समिति का प्रमुख दायित्व यह सुनिश्चित करना होता है कि सार्वजनिक धन का उपयोग कानूनी, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से किया गया है। इसके अतिरिक्त समिति विनियोग खातों की जांच, वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल तथा अनावश्यक खर्चों की पहचान भी करती है। लोकसभा एवं राज्यसभा के कुल 22 सदस्यों वाली इस समिति की अध्यक्षता कांग्रेस सांसद के. सी. वेणुगोपाल करेंगे।

अनुराग सिंह ठाकुर को इससे पहले भी वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 के लिए इसी समिति का सदस्य चुना जा चुका है। उनकी पुनर्नियुक्ति संसदीय कार्यों, नीतिगत विमर्श एवं विधायी निगरानी में उनकी सक्रिय भूमिका को दर्शाती है। अनुराग सिंह ठाकुर वर्तमान में तीन महत्वपूर्ण संयुक्त संसदीय समितियों (जेपीसी) के सदस्य भी हैं। इनमें वन नेशन वन इलेक्शन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पर गठित जेपीसी-129 शामिल है, जिसकी अध्यक्षता पी. पी. चौधरी कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त भ्रष्टाचार निरोधक तीन विधेयकों पर गठित जेपीसी-130, जिसकी अध्यक्षता अपराजिता सारंगी कर रही हैं, तथा देश में उच्च शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान पर गठित जेपीसी के भी वह सदस्य हैं, जिसकी अध्यक्षता दग्गुबती पुरन्देश्वरी कर रही हैं।

इसके अलावा अनुराग सिंह ठाकुर कोयला खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष भी हैं तथा ऊर्जा संबंधी परामर्शदात्री समिति के सदस्य के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा