home page

अनुराग सिंह ठाकुर ने की संसदीय स्थायी समिति की बैठक की अध्यक्षता

 | 
अनुराग सिंह ठाकुर ने की संसदीय स्थायी समिति की बैठक की अध्यक्षता


हमीरपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं संसदीय कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को संसद भवन में समिति की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में इस्पात मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड तथा राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ इस्पात क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात उपक्रमों में पर्यावरणीय सततता एवं हरित पहल तथा आरआईएनएल के कार्यों, वित्तीय पुनरुत्थान, परिचालन प्रदर्शन और श्रमिक सुरक्षा सुधारों की व्यापक समीक्षा शामिल रही।

बैठक के दौरान समिति को इस्पात उत्पादन के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से अपनाए जा रहे उत्सर्जन नियंत्रण उपायों, अपशिष्ट प्रबंधन, हरित इस्पात तकनीकों तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई। समिति ने ग्रीन स्टील नीति, डीकार्बोनाइजेशन रणनीतियों तथा कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज जैसी आधुनिक पहलों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड की वित्तीय स्थिति, परिचालन क्षमता तथा कर्मचारियों की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे सुधारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत का इस्पात क्षेत्र तेज़ी से स्वच्छ, कम-कार्बन और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ग्रीन स्टील मिशन के माध्यम से आधुनिक तकनीकों को अपनाकर औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि संसदीय स्थायी समिति इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि देश का इस्पात क्षेत्र आर्थिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बने, पर्यावरणीय दायित्वों का पूरी तरह पालन करे तथा सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात उपक्रमों में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा, कल्याण और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा