home page

अनुराग सिंह ठाकुर ने अम्बेडकर जयंती पर किए भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मानित

 | 
अनुराग सिंह ठाकुर ने अम्बेडकर जयंती पर किए भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मानित


हमीरपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के लग कढ़ियार स्थित अम्बेडकर भवन में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। अनुराग ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जब वह मंच पर खड़े हैं, तो केवल एक वक्ता के रूप में नहीं, बल्कि उस पीढ़ी के प्रतिनिधि के रूप में खड़े हैं जो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्ष, त्याग और समर्पण की नींव पर खड़ी है।

उन्होंने कहा कि 40 वर्षों का समय कोई छोटा कालखंड नहीं होता और चार दशकों तक कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे को अपने कंधों पर उठाकर हर परिस्थिति में संगठन को मजबूत किया। जब संसाधनों की कमी थी, तब भी कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव, गली-गली और घर-घर जाकर विचारधारा को पहुंचाया, कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर सक्रिय रहे और पार्टी को सशक्त बनाया।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा एक विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ी है, जिसकी जड़ें वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं और नई पीढ़ी उसकी शाखाएं और पत्ते हैं। जड़ों के बिना कोई भी वृक्ष खड़ा नहीं रह सकता, इसलिए वरिष्ठ कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत और पहचान हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ बदलाव अवश्य आता है, लेकिन विचारधारा, निष्ठा और समर्पण कभी नहीं बदलते।

अनुराग ठाकुर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव से सीखें, उनके साथ समय बिताएं और राजनीति के साथ-साथ जीवन के मूल्यों को समझें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्टी अपने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को कभी नहीं भूलेगी और सम्मान की पहली पंक्ति हमेशा उनकी रहेगी। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मार्गदर्शक की भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि वे संगठन को सही दिशा दिखाते रहें। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने और अम्बेडकर जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने का कार्य भी वर्तमान सरकार ने किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर का निर्माण कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा