मंडी के अनुराग बने लेफ्टिनेंट, ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई से हुए पास आउट
मंडी, 07 मार्च (हि.स.)। मूल रूप से बिलासपुर जिले की झंडूता तहसील के गांव भटेड़ फलां के रहने वाले व वर्तमान में मंडी शहर के अप्पर भियूली निवासी अनुराग चंदेल सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। अनुराग चंदेल ने शनिवार को ही चेन्नई की आफिसर ट्रेनिंग अकादमी में पास आउट किया है। पिता आनंद किशोर चंदेल व माता पदमा चंदेल खुद अनुराग चंदेल की पास आउट सेरेमनी के मौके पर मौजूद रहे।
अनुराग के माता पिता दोनों ही पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। पिता आनंद किशोर चंदेल मंडी में पुलिस के गुप्तचर विभाग में प्रभारी हैं तो माता पदमा चंदेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में निरीक्षक/ हैड क्लर्क के पद पर तैनात हैं। अनुराग की प्रारंभिक शिक्षा बल्ह घाटी के गांव मलोरी बैहना में स्थित फिनिक्स स्कूल में हुई है जबकि जमा दो तक उसने सैनिक स्कूल में पढ़ाई की है। उसकी ग्रेजुएशन एसडी कालेज चंडीगढ़ से हुई है। दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई करते हुए ही अपने मेहनत के बल पर उसने सीडीएस का पेपर पास किया और एक साल के प्रशिक्षण के लिए उसका चयन हो गया। शनिवार को पास आउट होने के बाद उसे सेना की 96 फील्ड रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट के पद पर सेवाएं देने के लिए चयनित किया गया।
गौरतलब है कि यह वही रेजिमेंट है जिसने कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना को विजय दिलाई थी। अनुराग के लेफ्टिनेंट बनने पर उसके गांव, क्षेत्र, परिजनों व माता पिता के मित्र बंधुओं में बेहद खुशी का माहौल है व उन्हें लगातार बधाई संदेश भेजे जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

