नशे पर प्रहार के लिए मंडी वासियों के साथ नगर निगम चलाएगा मेरा मंडी–मेरा अभिमान
मंडी, 12 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम मंडी द्वारा नशे पर सामुहिक प्रहार के उद्देश्य से मंडी वासियों के सहयोग से मेरा मंडी–मेरा अभिमान शुरू किया जा रहा है। इसी कड़ी में नशामुक्ति एवं स्वच्छता जन-अभियान के संबंध में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों, युवा मंडलों एवं नागरिक प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर सुमन ठाकुर ने की।
इस अवसर पर अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर सुमन ठाकुर ने बताया कि अभियान को 15 अगस्त 2026 से 15 सितंबर 2026 तक एक माह की अवधि में संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल नगर निगम द्वारा संचालित सामान्य स्वच्छता अथवा नशामुक्ति कार्यक्रम न होकर मंडी शहर के नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं एवं नगर निगम की सामूहिक भागीदारी से चलाया जाने वाला व्यापक जन-अभियान होगा। अभियान के तहत एक घंटा मंडी के नाम कार्यक्रम को प्रमुख गतिविधि के रूप में संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न वार्डों में प्रतिदिन एक घंटे की स्वच्छता गतिविधियां, कूड़ा एवं प्लास्टिक हटाना, स्वच्छता जागरूकता, नशामुक्ति संवाद, युवाओं से संवाद, पौधारोपण, योग एवं फिटनेस गतिविधियां, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जागरूकता रैलियां आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में मेरा मंडी वार्ड अभियान टीम गठित करने तथा स्थानीय सामाजिक संगठनों , महिला मंडलों, युवा मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं हर घर मंडी–हर घर संकल्प के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक नशामुक्ति एवं स्वच्छता का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं अभिभावकों से संवाद, स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर जागरूकता, खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, योग एवं ध्यान तथा प्रेरक कहानियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि नशामुक्ति को केवल जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जरूरतमंद व्यक्तियों एवं परिवारों को उचित परामर्श और संबंधित संस्थानों तक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाए। महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों को घर-घर जागरूकता, परिवारों एवं बच्चों से संवाद तथा स्वच्छता व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सक्रिय रूप से जोड़ने पर जोर दिया गया। वहीं युवा मंडलों को अभियान की प्रमुख स्वयंसेवी शक्ति के रूप में शामिल कर खेल, फिटनेस, रनिंग, योग, ट्रैकिंग एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियां आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में सामाजिक संस्थाओं से हर संस्था–अभियान में एक जिम्मेदारी की भावना के साथ अपनी क्षमता के अनुसार वार्डों में स्वच्छता, नशामुक्ति जागरूकता, स्वास्थ्य, योग, सांस्कृतिक एवं युवा गतिविधियों में सहयोग देने का आह्वान किया गया। वार्ड में स्थान और गली को गोद लेने की पहल के माध्यम से पार्क, सड़क, सार्वजनिक स्थल, बाजार क्षेत्र एवं अन्य स्थानों की स्वच्छता एवं जागरूकता की जिम्मेदारी लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

