home page

21वीं सदी के लिए जरूरी चार कौशल क्रिटिकल थिंकिंग, रचनात्मकता, संवाद और सहयोग: प्राे. अवस्थी

 | 
21वीं सदी के लिए जरूरी चार कौशल क्रिटिकल थिंकिंग, रचनात्मकता, संवाद और सहयोग: प्राे. अवस्थी


मंडी, 24 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के राजकीय महाविद्यालय बासा, गोहर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े उत्साह, गर्व और शैक्षणिक वातावरण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रो. ललित कुमार अवस्थी कुलपति सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पूरण चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रो. अवस्थी ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि यह दिन केवल पुरस्कार लेने का नहीं, बल्कि मेहनत, लगन और निरंतर सीखने की भावना को पहचानने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर छात्र एक बनती हुई कहानी है और सफलता एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।

प्रो. अवस्थी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में बताते हुए कहा कि यह शिक्षा में एक बड़ा बदलाव है, जो समग्र, लचीली और बहु-विषयक शिक्षा पर जोर देती है। उन्होंने 21वीं सदी के लिए जरूरी चार कौशल क्रिटिकल थिंकिंग, रचनात्मकता, संवाद और सहयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला। विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने पूछा कि क्या वे केवल परीक्षाओं के लिए पढ़ रहे हैं या जीवन के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए धैर्य, आत्मविश्वास, साहस और अच्छा चरित्र

जरूरी है।

उन्होंने छात्रों को पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर संवाद कौशल, डिजिटल ज्ञान, समस्या समाधान और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की सलाह दी।

प्रो. अवस्थी ने विद्यार्थियों को उद्यमिता और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि वे नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने मंडी क्षेत्र में ईको-टूरिज्म, जैविक खेती, हस्तशिल्प और डिजिटल सेवाओं में अवसरों का उल्लेख करते हुए स्थानीय संसाधनों को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए प्रेरित

किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे संस्कारों का महत्व बताते हुए कहा कि सच्ची शिक्षा केवल सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील इंसान बनना है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई दी और अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि असफलता भी सफलता की

राह का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा