home page

पीएम मोदी को हिमाचल की चिंता तो जीएसटी का पैसा करें जारी : अनिरुद्ध सिंह

 | 

शिमला, 11 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर टिप्पणी की थी। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री को हिमाचल प्रदेश की इतनी ही चिंता है तो केंद्र सरकार को राज्य का जीएसटी बकाया जारी करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पहले राज्यों के काम रोकती है और बाद में उसी को लेकर आलोचना भी करती है।

अनिरुद्ध सिंह ने सोमवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री लोगों से सोना नहीं खरीदने की सलाह दे रहे हैं, जबकि आम लोग शादी-ब्याह और निवेश के लिए सोना खरीदते हैं। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और रुपये की कीमत डॉलर के मुकाबले कमजोर हो रही है, लेकिन केंद्र सरकार इन मुद्दों पर बात नहीं कर रही।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई है, इसके बावजूद देश में कीमतें बढ़ रही हैं। उन्होंने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने को भी आम लोगों पर बोझ बताया। अनिरुद्ध सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोगों का ध्यान असली मुद्दों से हटाने का प्रयास कर रही है।

कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय लोगों से थालियां बजवाई गईं, लेकिन लाखों लोगों की जान चली गई। उन्होंने कोविड वैक्सीन और उसके बाद सामने आ रही स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इन विषयों पर केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए।

इस दौरान अनिरुद्ध सिंह ने शिमला के कमला नेहरू अस्पताल के आईजीएमसी परिसर से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किए जाने के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल को डेंटल कॉलेज में शिफ्ट करने के प्रस्ताव पर सरकार विचार कर रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों के साथ बैठक भी की थी और चर्चा के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।

उन्होंने कहा कि कुछ डॉक्टर इस फैसले का विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार सभी पक्षों से बातचीत के बाद ही अंतिम निर्णय लेगी। उनके अनुसार मुख्यमंत्री इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं और जनता व संबंधित संगठनों की राय लेने के बाद ही कोई फैसला किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा