home page

आईजीएमसी के पूर्व प्रोफेसर डॉ. डी.के. वर्मा बने अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी के नए कुलपति

 | 

शिमला, 29 जुलाई (हि.स.)। शिमला के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) से लंबे समय तक चिकित्सा शिक्षा से जुड़े रहे और सर्जरी विभाग के पूर्व प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. डी.के. वर्मा को अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी, मंडी का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। इस संबंध में बुधवार को राजभवन की ओर से आदेश जारी किए गए।

राजभवन के आदेश के अनुसार डॉ. डी.के. वर्मा की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश सरकार की सलाह पर हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज अधिनियम, 2017 की धारा 14(2) के तहत की गई है। उन्हें तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल उस दिन से शुरू होगा, जिस दिन वे पदभार ग्रहण करेंगे। हालांकि, यदि वे इससे पहले 70 वर्ष की आयु पूरी कर लेते हैं, तो उनका कार्यकाल उसी तिथि तक सीमित रहेगा।

डॉ. डी.के. वर्मा शिमला के निवासी हैं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है। वह आईजीएमसी शिमला के सर्जरी विभाग में प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। आईजीएमसी से सेवानिवृत्ति के बाद अब उन्हें प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य शिक्षा संस्थान अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा