बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों को अपनाकर मजबूत समाज बनाएं: सिकंदर कुमार
शिमला, 14 अप्रैल (हि.स.)। हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के ढगोह कांगू और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बाबा रविदास मंदिर कमेटी ढगोह कांगू और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा नादौन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सिकंदर कुमार उपस्थित रहे। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र कार्यवाह डॉ. किस्मत कुमार, हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा और बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अपने संबोधन में डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, संविधान निर्माण और सामाजिक समानता के लिए उनका योगदान देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाना ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब और गुरु रविदास के विचारों को अपनाकर समाज में शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि जब समाज का हर वर्ग आगे बढ़ता है, तभी देश मजबूत बनता है। उन्होंने लोगों से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने में योगदान देने की अपील भी की और कहा कि समाज सुधार के लिए किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर डॉ. किस्मत कुमार ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समाज में समानता और भाईचारे की जो सोच दी, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने लोगों से उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
शोभायात्रा बाबा रविदास मंदिर ढगोह से शुरू होकर कांगू, पनसाई, धनेटा, सेरा रोड, कलूर, नादौन, बड़ा, रैल और रंगस होते हुए फिर वापस ढगोह में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान डीएवी स्कूल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा क्षेत्र में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले पद्मश्री करतार सोंखला, चंदू लाल चौधरी और नीलम चौधरी सहित कई समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

