home page

मंडी के एनसीसी कैडेटों ने हिमालय की 5,134 मीटर ऊंची चोटी की फतह

 | 
मंडी के एनसीसी कैडेटों ने हिमालय की 5,134 मीटर ऊंची चोटी की फतह


मंडी, 04 अगस्त (हि.स.)। मंडी के राजकीय वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में स्थापित एनसीसी वायुसेना विंग के कैडेट सार्जेंट मुस्कान ठाकुर तथा कैडेट कॉरपोरल हंसराज ठाकुर ने राष्ट्रीय कैडेट कोर के प्रतिष्ठित ऑल इंडिया माउंटेनियरिंग एक्सपीडिशन-2026 माउंट देयो टिबा पिक 6001 मीटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इन्होंने हिमालय की माउंट जगतसुख 5,134 मीटर चोटी पर सफलतापूर्वक विजय पताका फहराकर वल्लभ कालेज मंडी, हिमाचल प्रदेश एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू तथा समूचे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। महाविद्यालय लौटने पर एनसीसी कैडेट सार्जेंट मुस्कान ठाकुर व कैडेट कॉरपोरल हंसराज ठाकुर का प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों व एनसीसी कैडेटो द्वारा गर्मजोशी और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजीव कुमार ने कहा कि महाविद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।

एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन के कुशल मार्गदर्शन में 14 से अधिक एनसीसी कैडेट व विद्यार्थी भारतीय वायु सेना व स्थल सेना में राष्ट्रपति कमीशन प्राप्त कर फ्लाइंग ऑफिसर व लेफ्टिनेंट बन चुके हैं। एनसीसी वायु सेना विंग, मंडी के फ्लाइट कमांडर एवं एसोसिएट एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल कैडेटों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि सम्पूर्ण महाविद्यालय, एनसीसी संगठन तथा हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है।

फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने बताया कि इस अभियान में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 24 उत्कृष्ट कैडेटों का चयन कठोर चयन प्रक्रिया, शारीरिक दक्षता परीक्षण तथा विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक चरणों के उपरांत किया गया था।

अभियान का सफल नेतृत्व हिमाचल प्रदेश एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार, स्टाफ काउंसिल के वरिष्ठ सचिव प्रो. बलदेव वर्मा, स्टाफ काउंसिल के सचिव प्रो. रत्न ठाकुर, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन, लेफ्टिनेंट बलबीर सिंह, केयरटेकर ऑफिसर डॉ. कविता तथा हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बनिता सकलानी ने दोनों कैडेटों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दोनों कैडेटों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, साहस और समर्पण से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा