home page

एशियन गेम्स कबड्डी में स्वर्ण पदक विजेता भावना का मंडी में हुआ ढोल नगाड़ों से स्वागत

 | 
एशियन गेम्स कबड्डी में स्वर्ण पदक विजेता भावना का मंडी में हुआ ढोल नगाड़ों से स्वागत


एशियन गेम्स कबड्डी में स्वर्ण पदक विजेता भावना का मंडी में हुआ ढोल नगाड़ों से स्वागत


मंडी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। एशियन खेलों की कबड्डी प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की खिलाड़ी भावना ठाकुर का सोमवार दोपहर बाद मंडी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। खुली जीप में मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर पहुंची भावना ठाकुर का जहां ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत हुआ वहीं उसे लोगों ने फूल मालाओं से लाद दिया।

जिला कबड्डी एसोसिएशन ने इस स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया था जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा मौजूद रहे। जिला कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान श्याम लाल ठाकुर, महासचिव नेत्र सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान हर्ष ठाकुर समेत सभी पदाधिकारी व सदस्य इस मौके पर मौजूद रहे।

पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में भावना ठाकुर ने कहा कि उनका जो भव्य स्वागत यहां पर हुआ है उसके लिए वह यहां की जनता, जिला व प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन समेत सबका धन्यवाद करती हैं। उन्हें अपने ही जिले में इस तरह से सम्मानित करना अच्छा लग रहा है।

भावना ने बताया कि जब सरकार ने उनके लिए 33-33 लाख रूपए ईनाम देने की घोषणा की तो वह निराश हुई थी मगर शिमला जाकर जब मिली और अपनी बात रखी तो अब सबको एक एक करोड़ देने का ऐलान सरकार ने किया है जिसके लिए वह सरकार की आभारी हैं। अगली तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि साउथ एशियन गेम्स समेत आने वाले कई अंतर्राष्ट्रीय गेम्स में भाग लेने की तैयारी की जानी है। ओलंपिक में कबड्डी शामिल नहीं है ऐसे में इन्हीं गेम्स को फोकस किया जा रहा है। इस उपलब्धि के बारे में उन्होंने कहा कि पिछले 14-15 सालों से हर स्तर पर तैयारी की जा रही थी। लाक डाउन के दौरान इसकी तैयारियों को काफी धक्का लगा, होस्टल बंद हो गए, घर में रहना पड़ा, काफी चुनौतियां यहां तक पहुंचने के लिए झेलनी पड़ी मगर अंत्वोगत्वा कामयाबी हासिल हुई, जिसका श्रेय मैं अपने परिवार व सभी कोचों व प्रदेश की जनता के आशीर्वाद को देना चाहूंगी।

इस मौके पर प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा ने कहा कि न केवल मंडी बल्कि पूरे प्रदेश व देश के लिए भावना ठाकुर की उपलब्धि बहुत बड़ा गौरव है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हमेशा ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मान देते हैं। सरकार ने एक एक करोड़ रूपए की राशि ईनाम में देेने का ऐलान करके इन खिलाड़ियों को हौसला बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा