home page

ज्ञान सागर नेगी ने संभाला शिमला के एडीएम प्रोटोकॉल का जिम्मा

 | 
ज्ञान सागर नेगी ने संभाला शिमला के एडीएम प्रोटोकॉल का जिम्मा


शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) के 2011 बैच के अधिकारी ज्ञान सागर नेगी ने बुधवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) का कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों को पारदर्शी, बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।

ज्ञान सागर नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कई जनहितकारी योजनाएं चला रही है। जिला प्रशासन का दायित्व है कि इन योजनाओं की जानकारी और लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पात्र नागरिक इनका लाभ ले सकें।

उन्होंने कहा कि सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर काम किया जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से आपदा की रोकथाम, तैयारी, राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को प्रभावी बनाया जाएगा। विशेष आपदा राहत पैकेज के तहत चल रहे कार्यों की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा।

ज्ञान सागर नेगी ने कहा कि जिले में राजस्व विभाग के कार्यों में तेजी लाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। राजस्व मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा, जिससे लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही सरकारी प्रोटोकॉल, वीआईपी दौरों और औपचारिक कार्यक्रमों के बेहतर संचालन के लिए भी प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

ज्ञान सागर नेगी जिला किन्नौर की तहसील पूह के गांव रुष्कलंग, डा. ग्याबुंग के निवासी हैं। उन्होंने मैट्रिक की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से पूरी की। इसके बाद जमा दो और बीए ऑनर्स की शिक्षा डीएवी चंडीगढ़ से हासिल की। उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से मास्टर डिग्री भी प्राप्त की। वर्ष 1997 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा की परीक्षा पास की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा