home page

आनी में पहाड़ी से बोल्डर गिरने से डॉक्टर व पत्नी की मौत, बेटी गंभीर घायल

 | 
आनी में पहाड़ी से बोल्डर गिरने से डॉक्टर व पत्नी की मौत, बेटी गंभीर घायल


कुल्लू, 31 जुलाई (हि.स.)। जिला कुल्लू के आनी उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रीखंड अस्पताल के एक डॉक्टर और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 18 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा राणाबाग-देहुरी मार्ग पर करशाइगाड़ के समीप पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर और मलबा गिरने के कारण हुआ।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे कार (एचपी 92ए-4300) राणाबाग-देहुरी सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर और मलबा वाहन पर आ गिरा, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

वाहन में एक ही परिवार के तीन सदस्य सवार थे। हादसे में श्रीखंड अस्पताल के डॉक्टर बृज लाल (60) और उनकी पत्नी सुनीता (54) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी भव्या (18) गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को तत्काल आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत करशाइगाड़ के प्रधान ने प्रशासन और डीपीसीआर कुल्लू को जानकारी दी। इसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया गया।

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र के राणाबाग-देहुरी मार्ग पर हुई इस दुर्घटना में श्रीखंड अस्पताल के डॉक्टर बृज लाल और उनकी धर्मपत्नी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने तथा घायल पुत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह