home page

कुल्लू-मनाली हाईवे पर दर्दनाक हादसा, पुल से नाले में गिरे दो युवकों की मौत

 | 

कुल्लू, 05 अगस्त (हि.स.)। कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतलीकूहल थाना क्षेत्र के समीप मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कृपा राम और विक्रम के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक पर सवार होकर 15 मील की ओर गए थे। लौटते समय तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते उनकी बाइक पुल की रेलिंग (पैरापिट) से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर नीचे बडाग्रां नाले में जा गिरे, जबकि बाइक सड़क पर ही गिर गई।

रात का समय और अंधेरा होने के कारण हादसे का तत्काल पता नहीं चल सका। कुछ समय बाद पराशर से लौट रहे दो युवकों ने सड़क पर गिरी बाइक और पुल के नीचे नाले में एक व्यक्ति को देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों युवकों के शव नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

पुलिस के अनुसार, रुणेशाराम निवासी धोरीमन्ना, जिला बालोतरा (राजस्थान) ने अपने बयान में बताया कि कृपा राम अपने क्वार्टर से बाइक की चाबी लेकर विक्रम के साथ घूमने के लिए निकला था। लौटते समय तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह