home page

मंडी में सड़क हादसे में तीन की मौत, दो घायल

 | 
मंडी में सड़क हादसे में तीन की मौत, दो घायल


शिमला, 05 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के बल्ह थाना क्षेत्र के तहत आने वाले डडौर में बीती रात को एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मृत्यु हो गई है जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये सभी लोग ड्राइवर बताए जा रहे हैं जो अपने किसी मित्र का हाल जानने अस्पताल जा रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार यह सभी पहले मेडिकल कॉलेज नेरचौक गए जहां उन्हें अपना साथी नहीं मिला। इन्होंने सोचा कि वह सुंदरनगर में उपचाराधीन होगा। इसलिए वे यहां से सुंदरनगर की तरफ रवाना हो गए। डडौर के पास इनकी कार (HP 82 8322) सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से टकरा गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अनिल कुमार(28) निवासी पलाही, रोहित कुमार (26) निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार(35) निवासी पलाही के रूप में हुई है। जबकि घायलों में हरीश(23) उर्फ सन्नी निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रैफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। वहीं, मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिए गए हैं। एसपी मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा