home page

बस की खिड़की से सिर निकाला, खंभे से टकराकर 17 साल के छात्र की मौत,

 | 

शिमला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर घर लौट रहे 17 साल के आयुष के लिए सफर आखिरी साबित हुआ। हमीरपुर जिले का यह स्कूली छात्र बुधवार शाम शिमला जिले के कुपवी से निजी बस में अपने साथियों के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में उल्टी करने के लिए उसने बस की खिड़की से सिर बाहर निकाला। इसी दौरान उसका सिर सड़क किनारे लगे धातु के खंभे से टकरा गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हादसे में एक अन्य छात्र भी घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार शाम करीब पांच बजे प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद हुआ। आयुष पुत्र हुक्म सिंह निवासी बकारटी डाकघर मसियाणा तहसील एवं जिला हमीरपुर, अंडर-19 लड़कों की खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने कुपवी आया था। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी का छात्र और वॉलीबॉल खिलाड़ी था।

खिड़की से सिर बाहर निकाला, खंभे से टकराया

पुलिस को दिए बयान में हमीरपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल के शारीरिक शिक्षा शिक्षक (डीपीई) नरेश अत्री ने बताया कि वह विद्यार्थियों के साथ निजी बस नंबर HP67A-4487 में कुपवी आए थे। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद सभी बस में सवार होकर हमीरपुर लौट रहे थे।

कुपवी से हरिपुरधार की ओर करीब तीन किलोमीटर आगे सफर के दौरान आयुष ने उल्टी करने के लिए खिड़की से सिर बाहर निकाला। इसी दौरान उसका सिर सड़क किनारे लगे धातु के खंभे से टकरा गया। टक्कर से उसके सिर में गंभीर चोट आई और बस की खिड़की का शीशा भी टूट गया।

हादसे में 16 वर्षीय अरुण पुत्र संजीव कुमार निवासी कुरियाणी, डाकघर एवं तहसील गलोड़ जिला हमीरपुर भी घायल हो गया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुपवी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। घायल छात्र की मेडिकल जांच की गई है।

चालक और परिचालक की लापरवाही का आरोप

पुलिस ने इस मामले में कुपवी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 281, 125 और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी नरेश अत्री के बयान के आधार पर दर्ज की गई है। इसमें बस चालक सोलन के चायली निवासी कपिल शर्मा और बस परिचालक हमीरपुर के डिडवी निवासी कुनाल की लापरवाही को हादसे का कारण बताया गया है। यह आरोप हैं और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक का पोस्टमार्टम आज शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में होगा

मृतक के दल प्रभारी को 25 हजार रुपये की फौरी राहत

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची। कुपवी उपमंडल का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे चौपाल के एसडीएम हेमचंद वर्मा के अनुसार मृतक छात्र के दल प्रभारी को 25 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।

खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए छात्र की मौत से उसके साथियों और उनके साथ आए शिक्षकों में शोक है। जिस सफर में विद्यार्थी प्रतियोगिता की यादें लेकर घर लौट रहे थे, उसी दौरान हुए हादसे ने उनके दल को गहरे सदमे में डाल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा