home page

(अपडेट) शिमला : नेशनल हाईवे पर बस-कार की टक्कर में एक परिवार के तीन लोगों की मौत

 | 
(अपडेट) शिमला : नेशनल हाईवे पर बस-कार की टक्कर में एक परिवार के तीन लोगों की मौत


शिमला, 24 सितंबर (हि.स.)। एक साथ सफर पर निकले परिवार के तीन लोगों की शिमला-मंडी नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में जान चली गई। घंडल के पास गुरुवार को एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस और कार की टक्कर में पति-पत्नी और दयानन्द की मां की मौत हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल है। कार में परिवार के चार लोग सवार थे।

मृतकों की पहचान दयानन्द पुत्र ठाकरू राम (57), उनकी पत्नी हेमलता (52) और उनकी मां विद्यादेवी पत्नी ठाकरू राम (75), सभी निवासी गांव फान्जी, डाकघर घणागूघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार दिन में थाना बालूगंज अंतर्गत हुआ।

एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस बागीपुल से शिमला की ओर आ रही थी। इसी दौरान बस और कार के बीच टक्कर हो गई। कार में दो पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं। टक्कर में दयानन्द और उनकी पत्नी हेमलता की मौके पर ही मौत हो गई। विद्यादेवी को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे में कार चला रहा मृतक दयानन्द का बेटा मनीश गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है।

बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी धामी की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दयानन्द और उनकी पत्नी हेमलता के साथ दयानन्द की मां विद्यादेवी शामिल हैं।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि घंडल के पास एचआरटीसी बस और कार की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई है। कार चालक गंभीर रूप से घायल है और उसका आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है। बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग दर्ज किया है। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आगामी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा