home page

लाहौल-स्पीति में नाले में गिरा ट्रक, पिता-पुत्र की मौत

 | 
लाहौल-स्पीति में नाले में गिरा ट्रक, पिता-पुत्र की मौत


शिमला, 22 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में बुधवार को एक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई। हादसा केलिंग सराय-भरतपुर मार्ग पर हुआ, जहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए गहरे पानी के नाले में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों को ट्रक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार ट्रक (एचपी-65ए-3396) केलिंग सराय से भरतपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क से नीचे गहरे पानी के नाले में जा गिरा। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लियाकत अली और उनके पुत्र दुरशाद के रूप में हुई है। दोनों मंडी जिले के गांव उबा के निवासी थे। हादसे के बाद ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों उसमें फंस गए।

पुलिस, सेना, बीआरओ और आईटीबीपी ने चलाया संयुक्त बचाव अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, भारतीय सेना, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), टीटीआर टीम और स्थानीय ट्रक चालक मौके पर पहुंचे। दुर्गम क्षेत्र और गहरे पानी के नाले के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। सभी एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रक से बाहर निकाला, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जाहलमा नाले में वैकल्पिक मार्ग बहाल, फंसे वाहन रवाना होने लगे

इसी बीच लाहौल-स्पीति जिले में लगातार बारिश से प्रभावित यातायात व्यवस्था को लेकर भी राहत की खबर है। जाहलमा नाले में अस्थायी वैकल्पिक सड़क मार्ग बहाल कर दिया गया है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने कड़ी मशक्कत के बाद इस मार्ग को दोबारा चालू करने में सफलता हासिल की। मार्ग बहाल होने के बाद जाहलमा नाले के दोनों ओर फंसे सभी प्रकार के सैकड़ों वाहन अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होने लगे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि मार्ग बहाल होने से क्षेत्र में यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा, हालांकि बारिश के बीच वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा