शिमला के रामपुर में गहरी खाई में गिरी कार, तीन की मौत
शिमला, 16 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में एक कार के गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। हादसा रामपुर-गौरा सड़क पर संध कैंची के पास पशाडा में हुआ। कार करीब 700 से 800 फीट नीचे खाई में जा गिरी। इसमें सवार सभी पांच लोग स्थानीय गांव जगोचा के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार पांचों लोग सुंडा से धलोज में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। ऑल्टो 800 कार (HP-92A-0132) को 58 वर्षीय राकेश कुमार चला रहे थे। सोमवार तड़के पशाडा के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में रामा नंद (60), ओम प्रकाश (41) और हमेन्द्र (37) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक राकेश कुमार (58) और रविन्द्र कुमार (38) घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी भेजा गया। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

