home page

रामपुर में बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिरी, चालक की मौत

 | 

शिमला, 14 मई (हि.स.)। जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के तहत ज्युरी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में बोलेरो कैंपर चालक की मौत हो गई। हादसा गानवी से क्याओ सड़क पर हुआ, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिस चौकी ज्युरी को मिली।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बोलेरो कैंपर नंबर HP 06B 5082 खोलटु डांक सड़क से करीब 500 मीटर नीचे सतलुज नदी की ओर गहरी खाई में गिरी हुई थी। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

पुलिस के अनुसार वाहन में केवल चालक सवार था, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 46 वर्षीय शिशुपाल मैहता पुत्र रूप सिंह मैहता निवासी गांव व डाकघर गानवी, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।

हादसे के बाद स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शव को बसतौर के रास्ते ज्युरी लाया गया और फिर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएमएससी खनेरी रामपुर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा