home page

शिमला में कार खाई में गिरी, चालक की मौत

 | 
शिमला में कार खाई में गिरी, चालक की मौत


शिमला, 12 मई (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग उपमंडल में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई। यह हादसा देवठी रोड पर सोवल के पास हुआ, जहां कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में जान गंवाने वाले कार चालक की पहचान ठियोग के चरैल गांव निवासी राकेश पुत्र राम दत्त के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस ने इस मामले में थाना ठियोग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत ठियोग के छैला के रहने वाले दलीप शर्मा ने दर्ज करवाई है।

दलीप शर्मा ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें घर के ऊपर की तरफ किसी चीज के गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार नंबर HP09B-3418 देवठी रोड से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई थी।

कार के चालक सीट पर एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा था।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा वाहन के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच छैला पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई कमलेश कुमार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा