home page

राजगढ़ में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, एक साधु की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

 | 

नाहन, 20 मार्च (हि.स.)। उपमंडल राजगढ़ के तहत पझौता क्षेत्र के धार टुखाड़ी में कल रात एक दिल्ली नंबर की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक साधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों व्यक्ति नाथ समुदाय से संबंधित बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में दो साधु सवार थे। मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर अमराई नाथ (निवासी राजस्थान) के रूप में हुई है, जिन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल दूसरे साधु की पहचान शुभ नाथ (निवासी उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में शिमला रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक अमराई नाथ के शव का पोस्टमार्टम राजगढ़ अस्पताल में करवाया। इसके बाद नाथ समुदाय की धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं का सम्मान करते हुए पुलिस ने शव को समुदाय के प्रतिनिधियों को सौंप दिया है ताकि उनकी परंपरा के अनुसार समाधि की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली नंबर की इस कार के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर