सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत, दो घायल
नाहन, 06 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले के पुलिस थाना पुरूवाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर ज्वालापुर चौक के पास हुए सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह मामला तिलक राज निवासी गांव ज्वालापुर, डाकघर निहालगढ़, तहसील पांवटा साहिब की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 5 अगस्त को वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पांवटा साहिब की ओर से आ रहे एक टेम्पो, जिसे छोटा हाथी भी कहा जाता है, के चालक ने राजबन की दिशा में बिना इंडिकेटर दिए अचानक यू-टर्न ले लिया।
उसी समय पांवटा साहिब की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल टेम्पो से टकरा गई। मोटरसाइकिल पर अर्जुन, नीरज और राकेश सवार थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर गए।
हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे अर्जुन पुत्र भवाऊ निवासी निहालगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नीरज और राकेश घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद टेम्पो चालक की पहचान मनोज पुत्र दुला राम निवासी टिटियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

